बॉलीवुड को अंडरवर्ल्ड के नेटवर्क से बाहर निकालने की जरूरत: बीजेपी महासचिव

अंडरवर्ल्ड के चंगुल में बॉलीवुड – राव । (Pixabay)
अंडरवर्ल्ड के चंगुल में बॉलीवुड – राव । (Pixabay)
Published on: 
Updated on: 
2 min read

सुशांत सिंह राजपूत केस में बीजेपी की तरफ से सबसे ज्यादा मुखर होकर आवाज उठाने वाले राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव ने कहा है कि बॉलीवुड जैसी इंडस्ट्री को अंडरवर्ल्ड के चंगुल से बाहर निकालने का समय आ गया है। यह काम एनआईए ही कर सकती है। देश में बॉलीवुड एक महत्वपूर्ण सेंटर है। यहां की हर गतिविधि पर पूरे देश की नजर होती है। ऐसे में बॉलीवुड में नापाक गतिविधियों का देशहित में भंडाफोड़ होना जरूरी है। सुशांत सिंह राजपूत केस में ईडी, सीबीआई, एनसीबी के बाद नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी(एनआईए) से भी जांच की मांग उठाने वाले पी मुरलीधर राव पहले नेता हैं।

दिवंगत अभिनेता, सुशांत सिंह राजपूत (Wikimedia Commons)

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव ने शुक्रवार को आईएएनएस से कहा, "सीबीआई, ईडी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की अपनी-अपनी सीमाएं हैं। सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग नेटवर्क का भी पता चला है। भारत में ड्रग के काले धंधे के पीछे आतंकी नेटवर्क है। दुबई समेत कई और देशों से ड्रग सप्लाई का धंधा चलता है। इस प्रकार अब सुशांत सिंह राजपूत का केस बहुत बड़ा हो चुका है। विदेशों से जुड़े ड्रग और आतंकी नेटवर्क की जांच सिर्फ नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ही कर सकती है। इसलिए इस केस की एनआईए जांच जरूरी है।"

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव, पी. मुरलीधर राव (Twitter, Murlidhar Rao)

14 जून को सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सीबीआई से जांच की मांग उठाने वालों में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव भी शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत केस के लिंक अब देश की बाउंड्री(सीमा) से पार जा रहे हैं। भारत से बाहर विदेशी लिंक की जांच न सीबीआई कर सकेगी और न ही ईडी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो(एनसीबी)। कौन ड्रग सप्लाई करता है, कौन बॉलीवुड में पैसा लगाता है, इन सब के पीछे के अंडरवल्र्ड और टेरर नेटवर्क की छानबीन के लिए एनआईए को मोर्चे पर लगाना पड़ेगा।

सुशांत सिंह राजपूत केस में लोकल पुलिस की भूमिका पर उठते सवालों को लेकर भाजपा महासचिव ने आईएएनएस से कहा, " मुंबई पुलिस को हम अक्षम नहीं कह सकते। मुंबई पुलिस काबिल है। अतीत में भी मुंबई पुलिस का केसों की छानबीन में अच्छा रिकॉर्ड रहा है। सुशांत सिंह राजपूत मुंबई से बाहर के रहने वाले थे। उनकी संदिग्ध मौत को लेकर कुछ डाउट(संदेह) सामने आए। तमाम सवाल उठे। लिहाजा सुप्रीम कोर्ट ने भी सुरक्षित रास्ता अपनाते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए। जल्द ही सब कुछ साफ हो जाएगा। सुशांत सिंह राजपूत के परिवार को न्याय मिलेगा।"(आईएएनएस)

logo
www.newsgram.in